Dindori News : एक घंटे की खुदाई, पूरे दिन की हाजिरी! कंचनपुर में रोजगार गारंटी योजना (जी राम जी) पर गंभीर सवाल….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

 

डिंडौरी। समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में रोजगार गारंटी योजना के तहत चल रहे कंटूर गड्ढा खुदाई कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कार्यस्थल पर मजदूरों से सुबह करीब 10 से 11 बजे तक ही काम कराया जा रहा है। इसके बाद मजदूरों को वापस भेज दिया जाता है, जबकि उनकी पूरे दिन की हाजिरी दर्ज किए जाने का आरोप है।

दरअसल ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रोजगार गारंटी के कार्य में रोजगार सहायक, सरपंच, सचिव और मेट की कथित मिलीभगत से मस्टर रोल में फर्जी तरीके से उपस्थिति दर्ज की जा रही है। उनका कहना है कि यदि कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति, मजदूरों की उपस्थिति, मस्टर रोल और मजदूरी भुगतान के रिकॉर्ड की जांच की जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम कंचनपुर में रोजगार गारंटी योजना से जुड़े कार्यों को लेकर पहले भी अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर ठोस जांच और कार्रवाई नहीं होने से ऐसी शिकायतें दोबारा सामने आ रही हैं।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से शिकायत करते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब शिकायत के बाद जनपद स्तर से जांच होती है या नहीं और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर ग्रामीणों की नजर है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *