— 31 अगस्त से 6 सितंबर तक विमुक्त उत्सव सप्ताह, खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन
डिंडौरी। विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में 31 अगस्त को विमुक्त जाति दिवस मनाया गया। विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु जनजाति विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समुदाय के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों एवं विभागीय अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रूदेश परस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष अवस्थी बाबू, आशा मरावी एवं सहायक संचालक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय की सांस्कृतिक विरासत और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान समुदाय की पारंपरिक गायन, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से समुदाय के लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई।
6 सितंबर तक चलेगा विमुक्त उत्सव सप्ताह
शासन के निर्देशानुसार जिले में 31 अगस्त से 6 सितंबर तक विमुक्त उत्सव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान छात्रावासों में खेल-कूद, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खेल गतिविधियों में कबड्डी, दौड़, खो-खो, कुर्सी दौड़, रस्सी कूद सहित पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में नृत्य, संगीत, लोक संगीत, चित्रकला और रंगोली जैसी गतिविधियां होंगी। वहीं बौद्धिक प्रतियोगिताओं के तहत भाषण, वाद-विवाद एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 6 सितंबर को छात्रावास स्तर पर पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अभिभावकों की सहभागिता पर जोर
विभागीय निर्देशों के अनुसार विमुक्त उत्सव के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं पालकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन की फोटो एवं एक मिनट से कम अवधि के वीडियो विभागीय WhatsApp समूह में भेजने के साथ कार्यक्रम का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया जाना है।
कार्यक्रम आयोजन के लिए जिला स्तर पर 15 हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। आयोजन का उद्देश्य विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय की सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करने के साथ विद्यार्थियों में खेल, कला एवं बौद्धिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना है।
समाज के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष जीवन बंजारा, जवाहर बंजारा, प्रदेश समिति सदस्य भक्कू बंजारा, जिला सचिव मंटू सिंह बंजारा, ब्लॉक अध्यक्ष रामप्रसाद बंजारा, जिला उपाध्यक्ष सेवा, जिला मंत्री ईदर बंजारा, कमल बंजारा, संतोष बंजारा, दयाराम बंजारा, सुशीला बंजारा, गीता बंजारा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष परसेल, मीरा बाई बंजारा, संगीता बाई बंजारा, लखन बंजारा, सदस्य भानूप्रताप एवं जिला कोषाध्यक्ष कोमल बंजारा सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक सहभागिता और विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।



