— पुल पर पानी होने के बावजूद भारी वाहन को नहीं रोका गया, बैरिकेडिंग और जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती पर उठे सवाल
डिंडौरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इसी बीच समनापुर विकासखंड के खरमेर पुल पर पानी बहने के बावजूद ट्रक को पुल पार कराए जाने का मामला सामने आया है। पुल के ऊपर पानी की मौजूदगी के बीच भारी वाहन का गुजरना गंभीर हादसे का कारण बन सकता था।
मामले ने पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जब पुल के ऊपर पानी बह रहा था, तब भारी वाहन को रोकने के लिए मौके पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक अथवा जिम्मेदार कर्मचारी तैनात क्यों नहीं थे? यदि सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी, तो पानी के बीच ट्रक को पुल पार करने की अनुमति कैसे मिली?
लगातार बारिश के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पहले ही लोगों से अपील कर चुका है कि पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में किसी भी परिस्थिति में पुल पार करने का प्रयास न करें। इसके बावजूद खरमेर पुल पर सामने आई यह तस्वीर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पुल पर पानी बढ़ते ही आवागमन रोकने की व्यवस्था होनी चाहिए, खासकर भारी वाहनों के लिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। पानी के तेज बहाव में वाहन के फंसने या बहने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
दरअसल घटना के बाद अब प्रशासन से मांग उठ रही है कि मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि पानी के बीच ट्रक को पुल पार करने की अनुमति किस स्तर पर मिली और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई। यदि समय रहते ऐसे मामलों में सख्ती नहीं बरती गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।




