डिंडौरी : कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर (प्रशिक्षु) अक्षय डिगरसे सहित किसान संघ के सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों ने पराली प्रबंधन, बीज वितरण, कृषि उपकरणों के उपयोग, धान उपार्जन, खाद्य सामग्री और यूरिया-डीएपी की कालाबाजारी जैसे मुद्दों को उठाया। किसानों ने छोटे और सीमांत किसानों के लिए आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, धान उपार्जन वृद्धि (22 क्विंटल से 40 क्विंटल प्रति हेक्टेयर), प्रशिक्षण, खेत पाठशाला और किसान भ्रमण जैसी गतिविधियों की नियमित जानकारी देने की मांग की।
सिंचाई एवं जल प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। किसानों ने टूटी नहरों की मरम्मत, जलाशयों में हॉर्न और फेंसिंग की व्यवस्था, छोटे बांधों का निर्माण, लेकेज और अतिक्रमण हटाने जैसी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।
विद्युत व्यवस्था में कम वोल्टेज वाले ट्रांसफार्मर बदलने, ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर केबल सुधारने, 132 केवी सब-स्टेशन शहपुरा चालू करने, और ट्रांसफार्मर बदलाव में 24 घंटे की कार्रवाई की मांग भी की गई।
कृषि बाजारों और व्यापारियों से संबंधित मुद्दों पर किसानों ने लाइसेंसधारी व्यापारियों की सूची, मंडियों में अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था, सड़क किनारे खरीदी पर नियंत्रण और उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग रखी।
पशु चिकित्सा विभाग, उद्यानिकी, राजस्व, खाद्य वितरण केंद्रों और कृषि महाविद्यालय जैसे विषयों पर भी सुझाव दिए गए। किसानों ने फसल क्षति की भरपाई, पेयजल उपलब्धता और फेंसिंग पर 80 प्रतिशत अनुदान देने की आवश्यकता बताई।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित समय सीमा में जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बैठक में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, जिला सदस्य खूबचंद साहू, तहसील अध्यक्ष प्रमोद मौर्या, उपाध्यक्ष जगदीश साहू, अन्य तहसील अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे।




