— होटल में घरेलू गैस का इस्तेमाल पड़ा भारी, चार सिलेंडर जब्त
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य विभाग द्वारा गुरुवार 12 मार्च 2026 को वार्ड क्रमांक 1 मेन रोड डिंडौरी स्थित मारवाड़ी भोजनालय में औचक निरीक्षण किया गया। जांच कार्रवाई सहायक आपूर्ति अधिकारी शमीम खान तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर द्वारा की गई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान संचालक अजय कुमार बघेल द्वारा घरेलू उपयोग के लाल रंग के एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है। इस पर टीम ने मौके से चार घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त कर लिए।
जब्त किए गए सिलेंडरों को आगे की कार्रवाई के लिए डिंडौरी इंडेन गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया है। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध Liquefied Petroleum Gas (Regulation of Supply and Distribution) Order, 2000 के प्रावधानों के उल्लंघन के तहत प्रकरण तैयार किया गया है। खाद्य विभाग ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना प्रतिबंधित है। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।




