डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने पेयजल संकट, अधूरे निर्माण कार्य, लंबित भुगतान, प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल नुकसान, आर्थिक सहायता, रोजगार सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।
जनसुनवाई में पहुंचीं द्रोपती बाई पति सोनूलाल बनवासी ने बताया कि हाल ही में आए तूफान और बारिश के कारण उनके घर का छप्पर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे रहने में परेशानी हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आदिवासी संकटापन मद से 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की तथा राशि का उपयोग घर की मरम्मत में करने की समझाइश दी।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत बरगांव निवासी चिरौंजी लाल साहू वृद्धावस्था पेंशन एवं भूमि सीमांकन संबंधी आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने संबंधित जानकारी प्राप्त कर बताया कि उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा खाते में राशि जमा हो रही है। साथ ही सीमांकन के लिए लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए 15 दिवस के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम बिजौरा माल निवासी सत्कार झारिया ने दिव्यांगता के चलते मोटर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत डांडविदयपुर निवासी 77 वर्षीय रामकली ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारी से जानकारी लेकर ई-केवाईसी के माध्यम से समस्या का समाधान कराया।
वहीं ग्राम सरहरी पोस्ट सिमरिया निवासी 75 वर्षीय चैती बाई ने बताया कि पुत्र एवं बहू के निधन के बाद नाती-नातिनों के पालन-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी उन पर है तथा आर्थिक स्थिति कमजोर है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों को अनाथ छात्रवृत्ति एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, डीपीसी श्वेता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
