Dindori News : पोषण ट्रैकर में फिसड्डी प्रदर्शन पर कलेक्टर नाराज ! सुधार नहीं तो होगी सेवा समाप्ति की कार्रवाई…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

जिला पोषण समिति की बैठक में कलेक्टर सख्त, कम प्रगति पर जताई नाराजगी

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शनिवार 09 मई 2026 को जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पोषण ट्रैकर के विभिन्न इंडिकेटर्स की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नवीन चिन्हांकन, हितग्राहियों से संबंधित कार्य, आधार एवं अपार आईडी निर्माण सहित कई बिंदुओं पर प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।

 

बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति की भी समीक्षा की गई। पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद उपस्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कलेक्टर ने पर्यवेक्षकों को नियमित भ्रमण करने और अधिक से अधिक सेक्टर मीटिंग आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही डाटा कलेक्शन एवं स्टंटिंग संबंधी आंकड़ों में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

 

 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं हितग्राहियों को मिलने वाली सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्ति के प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश भी दिए गए।

 

 

बैठक में केंद्रों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, रसोईघरों का नियमित निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कई क्षेत्रों में बच्चों के आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने ई-गवर्नेंस सोसायटी को विशेष आधार शिविर लगाने तथा लंबित क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

 

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने आगामी 15 दिनों में सभी संबंधित विभागों को प्रगति में सुधार लाने के निर्देश देते हुए पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, सीएमएचओ डॉ. रमेश मरावी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्याम सिंगोरे सहित जिले के समस्त सीडीपीओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *