डिंडौरी। जिले में ग्राम सामाजिक एनिमेटरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। एनिमेटरों ने अपनी समस्याओं को सामने रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गईं। इसमें वित्तीय वर्ष 2024-25 में किए गए सामाजिक अंकेक्षण कार्य का शेष भुगतान सभी 53 जिलों में जारी करने, वित्तीय वर्ष 2025-26 के सामाजिक अंकेक्षण कार्य का 100 प्रतिशत लंबित भुगतान करने तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्व वर्षों की तरह सभी जिलों में वार्षिक कार्ययोजना एवं सामाजिक अंकेक्षण कैलेंडर जारी कर नियमित रूप से 5 योजनाओं का अंकेक्षण कराने की मांग शामिल है।
ग्राम सामाजिक एनिमेटरों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से उनका पारिश्रमिक भुगतान अटका हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वे आगे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान ग्राम सामाजिक एनिमेटर संघ के जिला अध्यक्ष आदर्श दुबे, सचिव करुणा गौतम, सह सचिव गीता मसराम, उपाध्यक्ष संतोष राजस्ते, कोषाध्यक्ष सुदर्शन आंध्रवान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में एनिमेटर उपस्थित रहे।





