— शांति भंग करने वालों पर नजर— हनुमान जयंती से पहले डिंडौरी में कड़ा प्रशासनिक पहरा
डिंडौरी। आगामी हनुमान जयंती पर्व (02 अप्रैल 2026) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालिक दण्डाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की तैनाती करते हुए सख्त निगरानी के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों को संबंधित थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी शहपुरा, डिंडौरी और बजाग सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को उनके-अपने क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
प्रशासन ने शहपुरा, डिंडौरी, बजाग, समनापुर, अमरपुर, मेंहदवानी और करंजिया समेत संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और हनुमान जयंती पर्व समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




