डिंडौरी। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत शाहपुर (जनपद डिंडोरी) में तालाब जीर्णोद्धार कार्य के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर तालाब में श्रमदान किया तथा जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए जल स्रोतों के संरक्षण की दिशा में सक्रिय सहयोग दिया। श्रमदान के इस अभियान ने सामूहिक भागीदारी और जनजागरूकता का संदेश दिया। इसके पश्चात वीबीजी रामजी अधिनियम के तहत जनसंवाद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित ग्रामवासियों, मेट, सचिव, सरपंच और ग्राम रोजगार सहायकों को सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत डिंडोरी प्रमोद ओझा ने कार्यशाला में जनसंवाद के दौरान अधिनियम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, वन विभाग एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, सदस्य हीरा रुद्रेश परस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




