मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में बुधवार, 24 सितंबर को आत्मनिर्भर भारत संकल्प महा अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडला-डिंडौरी सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि, राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत का सपना लेकर आगे बढ़ रहे हैं और इसे साकार करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का काम हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता से सतत संवाद रखें और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएँ। उन्होंने कहा कि जीएसटी स्लैब में कटौती के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है, जिसका फायदा सीधे आम जनता को मिल रहा है।
राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं तक सीमित नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, भाषा और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ जैसी नीतियों के कारण भारत का रक्षा निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा है।
राष्ट्रीय मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद देश की परिस्थितियों में बड़ा परिवर्तन आया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और परिवहन के क्षेत्र में हुए सुधार आत्मनिर्भर भारत की पहचान हैं।
जिला संगठन प्रभारी गिरीश द्विवेदी ने कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि अब उनका दायित्व व्यक्तिगत नहीं बल्कि संगठनात्मक है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने सेवा पखवाड़ा से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह तेकाम ने कहा कि जीएसटी सुधार स्वदेशी को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम है। भारत युवाओं के बल पर फिर से आर्थिक महाशक्ति बन सकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, वरिष्ठ नेता कैलाश चंद जैन, अशोक अवधिया, नरेंद्र राजपूत, अवध राज बिलैया, जिला महामंत्री लक्ष्मण ठाकुर सहित जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



