डिंडौरी। जिले के विकास खण्ड करंजिया में एक माध्यमिक शिक्षक को कथित रूप से शराब के नशे में कार्यालय पहुँचने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामला कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी, करंजिया से जुड़ा है।
जारी पत्र के अनुसार शासकीय माध्यमिक शाला जोगीग्वारा में पदस्थ कपूर सिंह धुर्वे, माध्यमिक शिक्षक, 18 फरवरी 2026 को दोपहर 12:25 बजे विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में असम्बद्ध अवस्था में उपस्थित हुए। नोटिस में उल्लेख है कि उक्त कृत्य मध्यप्रदेश शासन कर्मचारी आचार संहिता के विरुद्ध हैऔर कदाचार की श्रेणी में आता है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि संबंधित शिक्षक उक्त दिनांक को अपनी संस्था में अनुपस्थित रहे। ऐसे में एक दिन का वेतन अवैतनिक किए जाने एवं निलंबन की कार्यवाही हेतु उच्च कार्यालय को प्रस्ताव भेजे जाने की बात कही गई है। विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिवस के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



