डिंडौरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की पहली महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपना 9वां और स्वतंत्र भारत का 80वां केंद्रीय बजट प्रस्तुत किया। यह बजट कई दृष्टि से ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि इससे पहले कभी रविवार को बजट पेश नहीं किया गया।
भाजपा नेताओं ने इसे विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को सशक्त करने वाला बजट बताया। उनका कहना है कि अब बजट केवल आय-व्यय का दस्तावेज न होकर एक व्यापक नीति वक्तव्य बन चुका है, जिसका उद्देश्य गरीबी उन्मूलन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने देखा बजट प्रसारण
राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर 1 फरवरी 2026 को जिला भाजपा कार्यालय में बजट का सामूहिक रूप से लाइव प्रसारण देखने और चर्चा करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बजट का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह बजट समावेशी आर्थिक विकास और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, जिला महामंत्री सुधीर दत्त तिवारी, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती, जिला मंत्री नरबदिया मरकाम, सपना जैन, कार्यालय मंत्री पवन शर्मा, जिला मीडिया इंचार्ज चंद्रशेखर नायक सहित वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, भागीरथ ऊरैती, तरुण ठाकुर, नीलू जैन, रजनी श्रीवास, परशुराम नागेश और राकेश चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के सभी मंडलों में भी बजट का लाइव प्रसारण देखा गया।
शिक्षक संगठन की प्रतिक्रिया, मांगों पर निराशा
वहीं केंद्रीय बजट को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर बजट में कोई उल्लेख नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली और आठवें वेतनमान को लेकर बजट में कोई प्रावधान नहीं है। साथ ही शिक्षा बजट में कटौती की गई है, जिसे उन्होंने शिक्षा के साथ खिलवाड़ बताया। राम कुमार गर्ग ने कहा कि इस बजट से कर्मचारी वर्ग निराश हुआ है।

