डिंडौरी। समनापुर मंडल में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा डिंडौरी के उपाध्यक्ष जय सिंह राजपूत, मंडल प्रभारी सपना जैन, सह प्रभारी पवन शर्मा, मंडल अध्यक्ष शिवराम राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष हेम सिंह राजपूत, मंडल महामंत्री मानसिंह मरकाम सहित सभी शक्ति केंद्रों के प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बीएलए-2 मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम ने अपने संबोधन में एसआईआर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने का आह्वान किया।
डिंडौरी जिला उपाध्यक्ष जय सिंह राजपूत ने संगठनात्मक ढांचे और मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी। मंडल प्रभारी सपना जैन ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठनात्मक कार्यों को पूरी निष्ठा से करने का संदेश दिया। सह प्रभारी पवन शर्मा ने भी संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
मंडल अध्यक्ष शिवराम राजपूत ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करने का आग्रह किया। बैठक के अंत में पूर्व मंडल अध्यक्ष हेम सिंह राजपूत ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया तथा संगठनात्मक कार्यों को गति देने का संकल्प लिया गया।
