DINDORI NEWS : निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर बी.एल.ओ. को चेतावनी, अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 104 में निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही सामने आई है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी डिंडौरी ने सभी बी.एल.ओ. सुपरवाइजर एवं बी.एल.ओ. को निर्देशित किया है कि वर्ष 2003 के डाटा एवं वर्ष 2025 की निर्वाचक नामावली में सम्मिलित मतदाताओं के विवरण की मैपिंग का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करें।

निर्वाचन आयोग द्वारा यह कार्य पूर्व बी.एल.ओ. से ही कराए जाने के निर्देश हैं और नए बी.एल.ओ. को सहयोग हेतु जोड़ा गया है। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा 11 सितम्बर 2025 तक कार्य पूर्ण नहीं किया गया।अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि बार-बार सूचना देने के बाद भी कार्य अधूरा रहना गंभीर लापरवाही है। इसलिए सभी संबंधित बी.एल.ओ. को आदेशित किया गया है कि वे तत्काल कार्य पूर्ण कर 22 सितम्बर 2025 को कानूनगो शाखा, तहसील डिंडौरी में रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करें।

निर्देश का पालन न करने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु प्रस्ताव कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डिंडौरी को भेजा जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को भी आदेशित किया गया है कि वे अपने विभाग के कर्मचारियों (जो बी.एल.ओ. का कार्य कर रहे हैं) से उक्त कार्य तुरंत प्राथमिकता से पूर्ण कराएँ।

शिक्षक संगठन ने जताया विरोध

इस बीच शासकीय शिक्षक संगठन ने आपत्ति जताई है कि पूर्व बी.एल.ओ. पर दबाव डालकर कार्य कराना न्यायोचित नहीं है। संगठन का कहना है कि मतदाता सूची का कार्य बी.एल.ओ. की जिम्मेदारी होती है और यदि कार्य अधूरा रहता है तो कार्यवाही उसी के विरुद्ध होना चाहिए। संगठन ने कहा कि यदि पूर्व बी.एल.ओ. पर कार्यवाही की जाती है तो इसका विरोध किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *