Dindori News : नववर्ष पर बैगा बस्ती में कलेक्टर की चौपाल, तीन दिन में पट्टे-नामांतरण के निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में विकासखंड अमरपुर के ग्राम चंद्रगढ़, पंचायत खजरी माल में रात्रिकालीन चौपाल का भव्य आयोजन किया गया। नववर्ष के प्रथम दिन आयोजित इस चौपाल में जिला प्रशासन का समूचा अमला बैगा बाहुल्य बस्ती में मौजूद रहा।

गांव पहुंचते ही कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने कमल सिंह बैगा, फूलवती बैगा, बुद्धू बाई, देवी बैगा, सोहन सिंह बैगा, झांकी बाई बैगा, रामप्यारी बैगा, शांतिबाई बैगा, बरती मरावी सहित अन्य हितग्राहियों से किस्त भुगतान, मजदूरी और राशन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। अधूरे आवासों को देखते हुए एनआरएलएम प्रबंधक को निर्देश दिए गए कि शासकीय योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर आवास शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

कलेक्टर ने मोहल्ले में बैठकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास तथा विद्युत जैसी बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की। ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र एवं सड़क निर्माण की मांग रखी—विशेषकर चंद्रगढ़ से खजरी और लाखों से चंद्रगढ़ मार्ग। जल समस्या पर पीएचई विभाग ने 10 फरवरी तक व्यवस्था पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

चौपाल में वन अधिकार पट्टे और वारिसों के भूमि नामांतरण का मुद्दा प्रमुख रहा। कलेक्टर ने वन विभाग को निर्देश दिए कि तीन दिवस के भीतर 19 मृतक नामांतरण मामलों का निराकरण करें और 9 नवीन हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए जाएं। साथ ही तहसीलदार को किसान सम्मान निधि का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, बीएमओ, ग्राम पंचायत सचिव और जीआरएस को धरती आबा योजना के तहत ग्राम विकास प्रस्ताव तैयार कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने बैगा समाज के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और ठंड को देखते हुए गर्म कपड़े व कंबल वितरित किए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम भारती मरावी, तहसीलदार शशांक तथा जनजातीय कार्य विभाग अधिकारी राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *