डिंडौरी। किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ दिलाने और धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एसडीएम एश्वर्य वर्मा ने विकासखंड शहपुरा के बरगांव धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में धान की आवक, भंडारण और उठाव की स्थिति का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण में सामने आया कि केंद्र पर आवंटित 600 स्लॉट में से अब तक 419 किसानों द्वारा धान का विक्रय किया जा चुका है। हालांकि, खरीदी गई उपज के उठाव की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। ‘रेडी टू ट्रांसपोर्ट’ (RTT) के मुकाबले केवल 63 प्रतिशत धान का ही उठाव हो सका है। इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए एसडीएम ने परिवहन व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम एश्वर्य वर्मा ने मौके पर मौजूद ट्रांसपोर्टर और केंद्र प्रभारी को निर्देशित किया कि नियमित ट्रकों के साथ-साथ तीन अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगाकर धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि समय पर भंडारण और परिवहन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी को संपूर्ण प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करने और परिवहन की प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही केंद्र प्रभारी को धान के सुरक्षित भंडारण के लिए व्यवस्थित ढेर लगाने और आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी उपज का विक्रय कर सकें।




