डिंडौरी। जिले के जनपद पंचायत करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत बावली (जोगी गवारा) में खरीफ वर्ष 2026 की तैयारियों को लेकर किसान रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष राजू सिंह उद्दे एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष गीता पट्टा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
यह किसान रथ यात्रा सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से निकाली गई है। कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज चयन, मृदा स्वास्थ्य, जल प्रबंधन तथा कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से कृषि विभाग एवं पंचायत स्तर पर गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक किया जाएगा, ताकि खेती की लागत कम हो और उत्पादन में वृद्धि हो सके। किसान रथ यात्रा के जरिए कृषि विशेषज्ञ किसानों को प्रशिक्षण, सलाह एवं संवाद के माध्यम से आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उन्नत खरीफ फसल तकनीक, बीज एवं उर्वरक उपयोग, मृदा परीक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन और किसान समस्या समाधान शिविर जैसे विषयों पर जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी शशि मरकाम, आशाराम गवले सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
