डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत डिंडौरी जिले के 200 तीर्थयात्रियों का चयन किया गया है। चयनित श्रद्धालु 21 जनवरी 2026 को सोमनाथ तीर्थ यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे। यह यात्रा 27 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
योजना के तहत शासन द्वारा 16 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिले के सात विकासखंडों एवं दो नगरीय निकाय क्षेत्रों से कुल 250 आवेदन प्राप्त हुए। शासन द्वारा निर्धारित रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से पात्र आवेदकों में से 200 तीर्थयात्रियों का चयन किया गया, जिनमें 132 पुरुष एवं 68 महिलाएं शामिल हैं।
योजना के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक ने बताया कि चयनित तीर्थयात्रियों को 21 जनवरी को प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय डिंडौरी में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। यहां से सभी यात्रियों को बस के माध्यम से शहडोल रेलवे स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां से रेल मार्ग द्वारा सोमनाथ यात्रा कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान सभी चयनित तीर्थयात्रियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। चयनित यात्रियों की सूची का अवलोकन संबंधित विकासखंडों के जनपद पंचायत सीईओ कार्यालय तथा नगरपालिका डिंडौरी एवं शहपुरा कार्यालय से किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि चयन समिति के सदस्यों द्वारा एनआईसी कक्ष में रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के माध्यम से यात्रियों का चयन किया गया। इस अवसर पर नोडल डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, तहसीलदार शहपुरा शंशांक शेंडे तथा एनआईसी के डीआईओ प्रशांत कौशिक तकनीकी अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे।




