डिंडौरी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा का लाभ दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कार्यालय, डिंडौरी द्वारा संबंधित विभागों एवं नगरीय-ग्रामीण निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जो आयकरदाता नहीं हैं, उन्हें 13 नवम्बर 2025 से 29 मार्च 2026 तक विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है। इसी क्रम में डिंडौरी जिले के चयनित हितग्राहियों को 21 जनवरी 2026 से 27 जनवरी 2026 तक द्वारका–सोमनाथ तीर्थ यात्रा पर भेजा जाएगा।
इसके लिए इच्छुक पात्र आवेदकों से 15 जनवरी 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों का पंजीयन मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा विकसित पोर्टल dpms.mp.gov.in के माध्यम से किया जाएगा।
तीर्थ यात्रा कुल 7 दिवस की होगी। यात्रियों को शहडोल बोर्डिंग स्टेशन तक स्वयं पहुंचना होगा, जहां से यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री यात्रियों को स्वयं साथ रखनी होगी। साथ ही यात्रा के दौरान आधार या वोटर आईडी की मूल प्रति रखना अनिवार्य रहेगा।
डिंडौरी जिले के लिए कुल 200 यात्रियों की सीटें निर्धारित की गई हैं। निकाय एवं जनपद पंचायतवार आवंटन के अनुसार नगर पालिका डिंडौरी एवं शहपुरा से 10-10, जनपद पंचायत डिंडोरी, बजाग एवं करंजिया से 30-30, जनपद पंचायत अमरपुर एवं समनापुर से 25-25 तथा जनपद पंचायत शाहपुरा एवं मेहंदवानी से 20-20 यात्रियों का चयन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र हितग्राहियों का समय-सीमा में चयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ प्रदान किया जाए।




