Dindori News : 166 जोड़ों ने थामा जीवनभर का साथ, अमरपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बना खुशियों का महोत्सव… 

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

डिंडौरी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वावधान में सीएम राइज विद्यालय प्रांगण अमरपुर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनपद पंचायत समनापुर एवं अमरपुर क्षेत्र के कुल 166 वर-वधु वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

 

कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में नवविवाहित जोड़ों को प्रशासन द्वारा टोकन वितरण की व्यवस्था की गई थी। वधुओं को सीएम राइज स्कूल अमरपुर से मुख्य समारोह स्थल तक लाया गया, वहीं मॉडल छात्रावास से बारात नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विवाह स्थल पहुंची।

 

समारोह के दौरान गुदुम बाजा और पारंपरिक लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक नवदंपत्ति को पांच बर्तन, पांच जोड़ी कपड़े और अंगूठी भेंट स्वरूप प्रदान की।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रही है। विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन एवं नल-जल योजना के तहत घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात भी कही।

 

 

सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि इस योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है और सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं विधायक ओमकार मरकाम ने नवदंपत्तियों से प्रेम, विश्वास और सामाजिक मूल्यों के साथ जीवनयापन करने का आह्वान करते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।

 

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे ने नवविवाहित बेटियों को परिवार में सम्मान और सामंजस्य बनाए रखने की सीख देते हुए सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सभी वर-वधुओं को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 49 हजार रुपये की राशि ऑनलाइन उनके बैंक खातों में प्रदान की गई। समारोह में दोनों पक्षों के परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिनके लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम का समापन सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देकर किया गया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *