Dindori News : डिंडौरी में मनाया गया गौरवमयी स्थापना दिवस — मंत्री बागरी ने कहा, महिलाओं की भागीदारी से ही बनेगा सशक्त प्रदेश…

Rathore Ramshay Mardan
5 Min Read

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर 3 नवम्बर 2025 को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी के आगमन से हुआ। मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंत्री श्रीमती बागरी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कैलाश चंद जैन, रविदत्त राय एवं जानकी प्रसाद गुप्ता का शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मंत्री प्रतिमा बागरी का गोंडी पेंटिंग और पौधा भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद मध्यप्रदेश गीत के सामूहिक गायन ने समारोह स्थल पर देशभक्ति और एकता की भावना को प्रबल किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने कार्यक्रम को और भी भावनात्मक बना दिया।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यप्रदेश की 70 वर्षों की यात्रा विकास, समर्पण और जनकल्याण की कहानी है। डिंडौरी जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क और उद्योग के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन की सभी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जिले का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रदेश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाएं और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं।

जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते ने कहा कि डिंडौरी जिले ने शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए पंचायत स्तर पर अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी संसाधनों को बढ़ावा देकर हम आत्मनिर्भर भारत अभियान में योगदान दे रहे हैं।

प्रभारी मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि मध्यप्रदेश प्रकृति की गोद में बसा राज्य है, जो विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। डिंडौरी जिला अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और लोककला के लिए जाना जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्मश्री विभूतियों अर्जुन सिंह धुर्वे, लहरी बाई और उजियारो बाई का उल्लेख करते हुए कहा कि जब समाज की पूरी आबादी कार्य में जुट जाती है, तब सफलता निश्चित होती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं, यही सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

मंत्री बागरी ने कहा कि डिंडौरी जिला मिलेट्स उत्पादन में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, जो गौरव की बात है। पहले लोग जंक फूड का सेवन करते थे जिससे बीमारियां बढ़ती थीं, लेकिन अब मिलेट्स आधारित भोजन से स्वाद और स्वास्थ्य दोनों प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाने की दिशा में लोग आगे बढ़ रहे हैं, हमारी पारंपरिक वेशभूषा अब विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। लघु उद्योगों के माध्यम से लोग अब मजदूर नहीं बल्कि स्वावलंबी और मालिक बन रहे हैं। उन्होंने सभी से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही सशक्त और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण संभव है।

समारोह में मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया जिनमें कक्षा 12वीं की प्रथम स्थान प्राप्त राजकुमारी मार्को, कक्षा 10वीं की प्रथम स्थान वंशिका बड़गैंया और द्वितीय स्थान अंशिका विश्वकर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही तीन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और एक सहायिका को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, उपाध्यक्ष अंजू व्यवहार, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता सारस, जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो, उपाध्यक्ष सारिका नायक, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, नरेन्द्र सिंह राजपूत, लक्ष्मण सिंह ठाकुर, सुधीर तिवारी, राहुल पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाकर्मी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ और पूरा समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *