डिंडौरी। जिले शहपुरा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत इंदौरी के ग्रामीणों के एक समूह ने तुलाराम पिता धनाराम, राधाबाई पति तुलाराम बरमैया एवं पंकज पिता तुलाराम बरमैया के खिलाफ एसडीएम शहपुरा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है। सौंपे गए आवेदन में ग्रामीणों ने संबंधित लोगों पर आए दिन विवाद करने, ग्रामीणों पर आरोप लगाने तथा अनावश्यक रूप से 112 नंबर पर पुलिस बुलाने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों ने शिकायत में बताया कि संबंधित लोगों द्वारा गांव के अलग-अलग व्यक्तियों के खिलाफ लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित की जाती है और 112 नंबर पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया जाता है। इससे गांव में अनावश्यक तनाव की स्थिति बनने की बात ग्रामीणों ने कही है।
5 अक्टूबर की घटना का किया उल्लेख
आवेदन में 5 अक्टूबर 2026 को हुई एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस घटना के बाद 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई और मामला शहपुरा थाने तक पहुंचा। इसके बाद गांव के कुछ पंचों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत प्रस्तुत की।
शासकीय सड़क बाधित करने का भी आरोप
ग्रामीणों ने संबंधित परिवार के मकान को लेकर भी शिकायत की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मकान निर्माण के बाद सामने की शासकीय सड़क का हिस्सा कथित रूप से बाधित हो गया है, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। बाउंड्री एवं गेट को लेकर भी विवाद होने की बात शिकायत में कही गई है।
ग्रामीणों ने एसडीएम से मौके पर जांच कराने की मांग की है, ताकि शासकीय सड़क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और यदि किसी प्रकार का अतिक्रमण या आवागमन में बाधा पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
जांच के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति
शिकायतकर्ताओं ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए गांव में विवाद की स्थिति पर अंकुश लगाने की मांग की है। आवेदन के साथ पंचनामा की प्रति भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासनिक अथवा पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।

