— कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम कूड़ा का मामला
डिंडौरी। शनिवार की सुबह डिंडौरी के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ऐसा हादसा हुआ जिसने वहां मौजूद लोगों का दिल थामकर रख दिया। शहडोल जिले के गिरारी गांव से मंडला शादी समारोह में जा रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5 बजे, जब सड़क पर अंधेरा और सन्नाटा था, तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी। सड़क किनारे बनी नाली पार करते हुए वाहन दूसरी ओर जाकर पलट गया। कार में चालक सहित तीन लोग सवार थे, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण दौड़े और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही समय में जेसीबी मशीन की मदद से पलटे वाहन को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में कोई गंभीर चोटिल नहीं हुआ, लेकिन घटना ने वहां मौजूद लोगों की रूह कांपा दी। गनीमत रही कि सभी सवार सुरक्षित हैं और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। हादसे ने एक बार फिर याद दिलाया कि तेज रफ्तार और लापरवाही कभी भी खतरनाक परिणाम ला सकती है।


