Dindori Breking News : सड़क संधारण कार्य में लापरवाही— डीएम ने संविदाकार और अधिकारियों को दिए 3 दिन में जवाब देने का नोटिस…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। मंडला–डिंडौरी रोड (बुल्दा) से खैपानी मार्ग के संधारण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ सामने आई हैं। पैकेज क्रमांक MP 12 MTN 063 के अंतर्गत बनाए जा रहे इस मार्ग की लंबाई 3.12 किमी है, जिसमें से 2.97 किमी हिस्से पर संविदाकार मेसर्स श्रीराम कंस्ट्रक्शन, सतना द्वारा सील कोट का कार्य किया गया था। 25 नवंबर 2025 को द्वारा सोशल मीडिया पर प्रसारित रिपोर्ट में बताया गया कि सड़क पर किया गया कार्य मानक मापदंडों के विपरीत और निम्न गुणवत्ता वाला है। ग्रामीणों ने भी सील कोट की खराब गुणवत्ता को लेकर विरोध जताया।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए संविदाकार को नोटिस जारी किया है और 03 दिवस के अंदर जवाब मांगा है। नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो पैकेज का अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। केवल संविदाकार ही नहीं, बल्कि परियोजना से जुड़े अधिकारियों जैसे सहायक प्रबंधक एस.एस. बघेल, उपयंत्री अखिलेश प्रताप वरकडे और टीम लीडर इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंसल्टेंट को भी नोटिस जारी किया गया है। इन अधिकारियों से पूछा गया है कि उनकी उपस्थिति और जिम्मेदारी के बावजूद कार्य गुणवत्ता नियंत्रण और सतत निरीक्षण क्यों नहीं किया गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। प्रशासन का संदेश है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण और संधारण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अनियमितता के लिए जिम्मेदारों को कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *