शहपुरा में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई, स्वास्थ्य परीक्षण में किसी को नहीं मिली गंभीर बीमारी; पिछले 4-5 वर्षों से चल रहे कथित खेल का खुलासा होने का दावा
डिंडौरी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के नाम पर ग्रामीणों को कथित तौर पर गुमराह कर सरकारी राशि का अनुचित लाभ लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। शहपुरा में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 19 ग्रामीणों को जबलपुर ले जा रहे दो वाहनों को पकड़ा है। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों को निःशुल्क और बेहतर इलाज का प्रलोभन देकर आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार कराने के नाम पर ले जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को ग्राम पिपरिया माल एवं कौआझिर क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों को कुछ व्यक्ति स्वयं को जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बताकर इलाज कराने के लिए ले जा रहे थे। ग्रामीणों को निःशुल्क एवं बेहतर उपचार का भरोसा दिया गया था। इसके लिए वाहन क्रमांक MP20PA1209 और MP20XE2539 का इस्तेमाल किया जा रहा था। सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शहपुरा एवं तहसीलदार शहपुरा की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया।
19 ग्रामीणों का कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण
दोनों वाहनों में सवार 19 ग्रामीणों का खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) शहपुरा के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जांच के दौरान किसी भी ग्रामीण में गंभीर बीमारी नहीं पाई गई। इसके बाद मामले को लेकर प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें बिना स्पष्ट चिकित्सकीय आवश्यकता के ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज कराने के नाम पर जबलपुर ले जाने की बात सामने आई।
ग्रामीणों के बयानों में भी उन्हें आयुष्मान कार्ड के जरिए उपचार कराने के लिए ले जाने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों को कथित रूप से प्रलोभन देकर शासकीय स्वास्थ्य योजना की राशि का अनुचित लाभ लेने और शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने के प्रयास के आरोप में थाना शहपुरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत धारा 318(4), 61(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
छह आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल कॉलेज के मैनेजर का नाम भी आया सामने
पुलिस ने मामले में उमेश मिश्रा, अवधेश दुबे, विमल राय, संतोष कुमार पटेल (प्रचारक), संजय दुबे और राजा खरे (ड्राइवर) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज के मैनेजर संजय शर्मा के कहने पर पिछले 4-5 वर्षों से इस प्रकार का कार्य किए जाने की जानकारी दिए जाने की बात पुलिस की ओर से सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे मामले के नेटवर्क, कथित आर्थिक लेनदेन और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डिंडौरी, एसडीओपी शहपुरा, एसडीएम शहपुरा एवं तहसीलदार शहपुरा के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी शहपुरा ताकेश्वरी मरकाम, उप निरीक्षक मनीराम मरावी, सहायक उप निरीक्षक घसीटा लाल रजक, प्रधान आरक्षक कमलेश मरावी सहित पुलिस स्टाफ एवं राजस्व विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

