Breaking News डिंडौरी में बड़ा हादसा टला ! टूटकर गिरा हाईटेंशन तार, किसानों का सालभर का भूसा जलकर राख…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— चटुवा गांव में मची अफरा-तफरी, चिंगारियों के बीच भागे ग्रामीण, महिलाएं बाल-बाल बचीं

डिंडौरी। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम चटुवा के आवास टोला में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह लगभग 10 बजे अचानक बिजली का मेन तार टूटकर नीचे गिर पड़ा। तार गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई और चिंगारियां उठने लगीं। देखते ही देखते किसानों द्वारा मवेशियों के लिए रखा गया धान का भूसा आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही मिनटों में 4 से 5 किसानों का भूसा जलकर राख हो गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली तार पत्थर की चट्टानों से टकराया, जिससे चट्टानों में भी छेद हो गया। घटना के समय आसपास महिलाएं और ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि यह तार आबादी के बीच गिरता, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

 

आग लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि भूसा पूरी तरह जल चुका था। किसानों का कहना है कि यह भूसा मवेशियों के लिए पूरे साल के उपयोग हेतु रखा गया था, जिसके जल जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

 

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से जर्जर तारों की शिकायत की जा रही थी, लेकिन समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *