Breaking News : डिंडौरी में दर्दनाक सड़क हादसा ! कार-पिकअप की टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर..चीख-पुकार से दहला इलाका…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

डिंडौरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत रत्ना गांव के पास मंगलवार को जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ। मंडला जिले से इलाज कराकर लौट रहे किशन लाल साहू (29) अपनी मां प्यारी बाई (72) और भाभी गायत्री साहू (35) के साथ आर्टिका कार (MP 20 ZH 0453) में सवार थे। जैसे ही उनका वाहन रत्ना गांव के पास पहुंचा, अमरकंटक की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप (MP 20 ZM 9440) से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पिकअप वाहन पलट गया। हादसे में किशन लाल साहू और उनकी मां प्यारी बाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गायत्री साहू और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही गाड़ासरई पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

थाना प्रभारी अमृत लाल तिग्गा के अनुसार, पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है, जो जीआरटीसी सड़क निर्माण कंपनी का बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोनों वाहनों के टायर निकलकर सड़क पर बिखर गए थे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करने की अपील की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *