BJP Press Conference Dindori : गरीब-किसान-युवा-नारी के लिए क्या लाया बजट..? डिंडौरी में भाजपा ने किया खुलासा..

Rathore Ramshay Mardan
5 Min Read

डिंडौरी में भाजपा की प्रेसवार्ता: 4.38 लाख करोड़ का बजट विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में ऐतिहासिक कदम – ओमप्रकाश धुर्वे

डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय डिंडौरी में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट को विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक बजट बताया।

विधायक धुर्वे ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बताए गए चार वर्ग—गरीब, युवा, नारी शक्ति और किसान—के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के समग्र विकास और सुदृढ़ अर्थव्यवस्था का दृष्टिपत्र है। उन्होंने इस ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया।

पूंजीगत व्यय में वृद्धि से प्रदेश का भविष्य होगा सशक्त

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। बजट में राज्य के स्वयं के संसाधनों से 1 लाख 17 हजार 667 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य रखा गया है, जबकि केंद्र सरकार से 1 लाख 12 हजार 137 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। राज्य के स्वयं के कर राजस्व में 106 प्रतिशत की वृद्धि यह दर्शाती है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है। पिछले वर्ष की तुलना में पूंजीगत व्यय में 7.5 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिससे मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।

आदिवासी और अनुसूचित जाति कल्याण को प्राथमिकता

अनुसूचित जनजाति विभाग के बजट में 25.8 प्रतिशत वृद्धि करते हुए 47 हजार 429 करोड़ रुपये तथा अनुसूचित जाति विभाग के बजट में 17 प्रतिशत वृद्धि कर 31 हजार 192 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह बजट पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रति व्यक्ति आय में 19.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी

विधायक धुर्वे ने कहा कि सरकार की प्रभावी आर्थिक नीतियों के चलते दो वर्षों में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 41 हजार रुपये से बढ़कर 1 लाख 69 हजार रुपये हो गई है, जो 19.25 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है। प्रदेश का सकल घरेलू उत्पाद भी 10.69 प्रतिशत वृद्धि के साथ 18 लाख 48 हजार 274 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

किसान, महिला, युवा और गरीब पर विशेष फोकस

बजट में किसानों के लिए एक लाख सोलर पंप देने की योजना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य तथा फसल बीमा के लिए 1300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। गौशालाओं के संचालन के लिए भी विशेष बजट रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री सम्मान निधि के माध्यम से प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

डिंडौरी जिले में विकास और रोजगार को मिलेगी गति

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि डिंडौरी जिले में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। शहपुरा विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि रामजी योजना के अंतर्गत डिंडौरी जिले के मजदूरों को 125 दिन की मजदूरी देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन में बड़े प्रावधान

बजट में शिक्षा के क्षेत्र में 294 नए विद्यालय खोलने का प्रावधान किया गया है। आंगनवाड़ियों में बच्चों को पोषण आहार के रूप में टेट्रा पैक दूध उपलब्ध कराया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 23 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं शहरी परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 72 नई ई-बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। प्रेसवार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला महामंत्री एवं मीडिया प्रभारी सुधीर दत्त तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *