Big Breaking News : NH-45 पर दर्दनाक हादसा ! 5 ग्रामीणों की मौत, 1 घायल; CM डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, ₹4.50 लाख सहायता का ऐलान….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

CM डॉ. मोहन यादव का ऐलान – “सरकार साथ है”, हर परिवार को ₹4.50 लाख

 

डिंडौरी। जिले के बजाग तहसील अंतर्गत गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राला कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1 बजे की है। परसवाह गांव के कुछ लोग एक कार्यक्रम से लौटते समय सड़क किनारे अपने पिकअप वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक रोड की ओर से आ रहे ट्राला (MP 19 ZO 9351) ने उन्हें कुचल दिया।

 

इस हादसे में पवन कुमार मरावी (32 वर्ष), विशाल सिंह धुर्वे (58 वर्ष), राजकरण बनवासी (30 वर्ष), बिहारी सिंह उद्दे (31 वर्ष) और पवन सिंह उद्दे (52 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उदय प्रताप सिंह (20 वर्ष) घायल हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

 

जिला प्रशासन ने त्वरित राहत देते हुए मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 50-50 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। साथ ही संबल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है। प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

 

इधर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किकरा तालाब के पास हुई दुर्घटना में ग्रामीणों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹4.50-₹4.50 लाख की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा करते हुए अन्य योजनाओं के माध्यम से भी सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

 

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्राला चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ासरई में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क किनारे वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *