Big Breaking News : डिंडौरी में बड़ा हादसा टला: उफनती कसा नदी में बह गई कार, एसएफ जवान और चालक ने तैरकर बचाई जान…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

शहपुरा के बस्तरा मार्ग पर तेज बहाव में पुलिया पर फंसी कार, जलस्तर घटने के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से निकाला बाहर

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। शहपुरा थाना क्षेत्र के बस्तरा गांव के पास उफनती कसा नदी की पुलिया पार करते समय एक कार तेज बहाव में फंस गई और बहते हुए पुल से नीचे चली गई। कार में सवार एसएफ जवान और चालक ने समय रहते बाहर निकलकर तैरते हुए अपनी जान बचा ली। बाद में ग्रामीणों की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला गया।

 

जानकारी के अनुसार जबलपुर बटालियन में पदस्थ एसएफ जवान पदमजीत गौरा छुट्टी पर अपने गृह क्षेत्र आए हुए थे। शुक्रवार सुबह वे कार क्रमांक एमपी-20-सीएम-3505 से अपनी बहन और जीजा से मिलने बस्तरा गांव जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे बस्तरा के पास कसा नदी की पुलिया पर पहुंचने के दौरान पुल के ऊपर तेज गति से पानी बह रहा था। इसी बीच जलस्तर तेजी से बढ़ गया और कार पुलिया के बीचोंबीच फंस गई। कुछ ही क्षणों में तेज बहाव के कारण कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में बह गई और करीब आधा किलोमीटर दूर जाकर रुकी।

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएफ जवान और चालक ने तुरंत कार से बाहर निकलकर तैरते हुए सुरक्षित किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बाद में नदी का जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की सहायता से कार को बाहर निकाल लिया।

 

सूचना मिलने पर शहपुरा थाना प्रभारी अनुराग जामदार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना एक बार फिर बारिश के मौसम में उफनती नदियों, पुलिया और रपटों को पार करने के खतरे की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि तेज बहाव के दौरान किसी भी पुलिया या रपटा को पार करने का जोखिम न उठाएं।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *