डिंडौरी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शासकीय कार्यालय परिसर में फिल्मी गाने पर नृत्य करने का मामला अब कार्रवाई के घेरे में आ गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला डिंडौरी के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सामनापुर कार्यालय में पदस्थ पर्यवेक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभागीय शासकीय कार्यालय परिसर में तिरंगा ध्वज फहराने के बाद सामनापुर कार्यालय के स्टाफ पर्यवेक्षक द्वारा फिल्मी गीत पर नृत्य किया गया। इस मामले से संबंधित शिकायत एवं वीडियो-ऑडियो वायरल होने और समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने का भी नोटिस में उल्लेख किया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है, जिस पर देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया जाता है। ऐसे अवसर पर शासकीय कार्यालय परिसर में फिल्मी गीत पर नृत्य किया जाना लापरवाही एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इसे मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
विभाग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि उक्त कृत्य से विभाग की छवि धूमिल हुई है। कर्मचारी को निर्देश दिए गए हैं कि वह कारण बताओ सूचना पत्र प्राप्त होने के दो दिवस के भीतर अपना लिखित उत्तर कार्यालय में प्रस्तुत करे। समय-सीमा में संतोषप्रद एवं समाधानकारक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है। नोटिस की एक प्रति कलेक्टर डिंडौरी को भी सादर सूचनार्थ भेजी गई है। अब संबंधित कर्मचारी के जवाब और विभागीय कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।




