मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में सीनियर आदिवासी उत्कृष्ट कन्या छात्रावास बजाग में लगातार विवादों और छात्राओं की शिकायतों के चलते बड़ी कार्रवाई की गई है। छात्रावास की पूर्व अधीक्षिका श्रीमती सोम मरावी, प्राथमिक शिक्षक सह अधीक्षक को 07 अगस्त 2025 को छात्राओं को बरगलाकर धरना-प्रदर्शन के लिये प्रेरित करने एवं नवनियुक्त अधीक्षिका को प्रभार न सौंपने के आरोप में पत्र क्रमांक 1225 दिनांक 19.08.2025 से निलंबित कर दिया गया है। उनका मुख्यालय कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी करंजिया निर्धारित किया गया है।
वहीं, नवनियुक्त अधीक्षिका श्रीमती मनोरमा मरावी, माध्यमिक शिक्षक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजाग को भी छात्राओं से दुर्व्यवहार करने के आरोप में निलंबित किया गया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बजाग द्वारा मौके पर तैयार पंचनामा, पालक-शिक्षक संघ के आवेदन एवं छात्राओं — सुरूचि उइके, यामिनी परस्ते, रूकमणी परस्ते एवं रिंकी कुशराम — के कथनों के आधार पर पत्र क्रमांक 1228 दिनांक 20.08.2025 से उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उनका मुख्यालय कार्यालय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी समनापुर निर्धारित हुआ है। दोनों अधीक्षिकाओं की लापरवाही, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने कु. सुनीता कोल, माध्यमिक शिक्षक मा.शा. दुल्लोपुर को छात्रावास का प्रभार सौंपा है।




