मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले किसान कल्याण एवं कृषि विभाग ने खरीफ वर्ष 2025 के लिए बीज, खाद एवं कीटनाशक की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन गुण नियंत्रण अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत जिलेभर में निरीक्षण जारी है और कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, अब तक 123 संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर 80 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसके अलावा 12 संस्थानों के लाइसेंस निलंबित, 3 लाइसेंस निरस्त किए गए हैं तथा एक प्रतिष्ठान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
पूर्व में भी 86 निरीक्षण के दौरान 4 लाइसेंस निलंबन, 2 निरस्तीकरण और 39 नोटिस जारी किए गए थे। वर्तमान अभियान में 192 नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
कृषि विभाग ने सभी विक्रेताओं को चेतावनी दी है कि कालाबाजारी या अवैध भंडारण पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही सामग्री खरीदें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत विभाग को दें।
