— सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत महावीर गांव का मामला
डिंडौरी। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को शहर के पालिटेक्निक कॉलेज महावीर गांव के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कारोपानी निवासी लगभग 35 वर्षीय शशिकांत पट्टा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज गति से विपरीत दिशा से आ रही थीं। इसी दौरान पालिटेक्निक कॉलेज के पास अचानक दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं शशिकांत पट्टा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिस पर सख्ती से नियंत्रण की आवश्यकता है।




