— अतिरिक्त 22 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन को केंद्र की मंजूरी, एमपी में खरीदी लक्ष्य बढ़कर 100 लाख मीट्रिक टन
भोपाल। डॉ. मोहन यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य को गेहूं उपार्जन के लिए बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, प्रह्लाद जोशी और शिवराज सिंह चौहान की सहमति से राज्य को अतिरिक्त 22 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन की अनुमति मिल गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश लगभग 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन करेगा। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए पहले 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय किया था, जिसे अब बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इस वर्ष गेहूं का बंपर उत्पादन हुआ है। पिछले साल की तुलना में उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे खरीदी का दायरा बढ़ाना आवश्यक हो गया था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में गेहूं खरीदी का कार्य सुचारु रूप से जारी है। हालांकि वैश्विक स्तर पर निर्यात संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं और जूट के बोरों की उपलब्धता भी एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आई है। इसके बावजूद राज्य सरकार किसानों के हित में हर संभव प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर उपार्जन की अंतिम तिथि भी बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
