Big Breaking News : फर्जी दस्तावेज अपलोड कर 4.06 लाख की सरकारी राशि गबन, 6 माह फरार डाटा एंट्री ऑपरेटर गिरफ्तार….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मौत के नाम पर ठगी का खेल, समनापुर में लाखों का गबन उजागर

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले थाना समनापुर पुलिस ने हितग्राही की शासकीय सहायता राशि में धोखाधड़ी और गबन करने वाले 6 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से शासन की योजनाओं का दुरुपयोग करते हुए लाखों रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे।

 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवम्बर 2025 को जनपद पंचायत समनापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश कुमार नारनौर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि श्रम शाखा में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर मुकेश कुमार मालवीय ने ग्राम ढाबा निवासी मृतिका हिरींदा बाई की सामान्य मृत्यु को दुर्घटना दर्शाते हुए फर्जी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड किए। इसके बाद हितग्राही इतवारी सिंह उर्फ एंतरासिंह बैगा को मिलने वाली अंत्येष्टि सहायता राशि 6 हजार रुपये एवं अनुग्रह सहायता राशि 4 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।

 

 

मामले में थाना समनापुर में अपराध क्रमांक 382/2025 धारा 420 और 409 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। गिरफ्तारी के डर से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और ठिकाने बदलकर छिपता फिर रहा था।

 

 

पुलिस टीम ने 22 अप्रैल 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल डिण्डौरी भेज दिया गया।इस कार्रवाई में एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, थाना प्रभारी समनापुर निरीक्षक हरिशंकर तिवारी, उप निरीक्षक पारस यादव, प्रधान आरक्षक रामरतन मार्को एवं आरक्षक सियाराम मरकाम की सराहनीय भूमिका रही।

 


Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *