Politics News : महिला आरक्षण मुद्दे पर डिंडौरी में सियासी गरमाहट, भाजपा महिला मोर्चा का विपक्ष के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय डिंडौरी में आज एक विरोध पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा कॉलेज तिराहा से शुरू होकर भाजपा कार्यालय तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

 

 

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नरवरिया मरकाम ने बताया कि हाल ही में लोकसभा में हुए घटनाक्रम को केवल संसदीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि तथाकथित “एंटी वूमन एलायंस” ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी बनाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक को रोककर अपनी मानसिकता उजागर कर दी है।

 

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, डीएमके और उनके सहयोगियों द्वारा इस विधेयक को रोकना महिलाओं के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ अन्याय है। विपक्ष द्वारा इस पर जश्न मनाना महिलाओं का अपमान है। पूर्व जिला मंत्री कीर्ति गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम था, जिसे राजनीतिक स्वार्थों के चलते बाधित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सोच हमेशा से महिला सशक्तिकरण के खिलाफ रही है और यह केवल चुनावी मुद्दा बनाकर रह गया है।

 

 

इस विरोध यात्रा में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला महामंत्री सुधीरदत्त तिवारी, जिला उपाध्यक्ष महेश धुमकेति, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष धनेश धनंजय, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, कुंवारिया मरावी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर विरोध प्रदर्शन किया और महिला अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *