— सीवरेज परियोजना में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं—प्रमुख अभियंता सख्त….
डिंडौरी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत संचालित डिंडोरी सीवरेज परियोजना का निरीक्षण प्रमुख अभियंता आनंद सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान परियोजना प्रबंधक पीआईयू जबलपुर गोपाल गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं संविदाकार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता ने परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे नाला टेपिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित एजेंसी को आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि परियोजना का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहरवासियों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके।उल्लेखनीय है कि डिंडौरी में यह सीवरेज परियोजना विशेष निधि के सहयोग से संचालित की जा रही है, जिसका क्रियान्वयन नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यह परियोजना शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहरी जीवन स्तर को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
