डिंडौरी। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले के गाड़ासरई निवासी ध्रुव कुमार साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। ध्रुव ने विज्ञान संकाय से 500 में से 485 अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
ध्रुव कुमार साहू शासकीय पीएम श्री विद्यालय, गाड़ासरई के मेधावी छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि के पीछे निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण का बड़ा योगदान रहा है। नियमित अध्ययन और मजबूत संकल्प के दम पर उन्होंने यह सफलता अर्जित की, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
ध्रुव के पिता संदीप साहू आटा चक्की व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्होंने हमेशा अपने पुत्र को शिक्षा के लिए प्रेरित किया और पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने दी। वहीं, उनकी माता श्रीमती मनीषा साहू ने एक गृहिणी होने के बावजूद परिवार की जिम्मेदारियों के साथ ध्रुव की पढ़ाई में निरंतर सहयोग किया। उनकी छोटी बहन संस्कृति साहू वर्तमान में कक्षा 8वीं की छात्रा हैं।
ध्रुव की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ध्रुव की सफलता यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
