डिंडौरी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने जिले के अल्प प्रवास के दौरान नगर परिषद डिंडौरी एवं शाहपुरा में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ-साथ कार्यों की गति भी बनाए रखी जाए, ताकि आमजन को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा बैठक में एमपीयूडीसी द्वारा निर्माणाधीन सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की प्रगति का जायजा लिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत बनाए जा रहे आवासों और एमआरएफ सेंटर के कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
अपर मुख्य सचिव ने नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि दाहिनी दिशा से नदी में मिलने वाले नालों को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता में है।
इसके अलावा नगर परिषद के विस्तार को लेकर हंस नगर, साकेत नगर और देवरा कॉलोनी के विकास हेतु योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे डिंडौरी नगर परिषद का विस्तार संभव हो सके। उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी राम बाबू देवांगन, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, नगर परिषद डिंडौरी के सीएमओ अमित तिवारी, नगर परिषद शाहपुरा की सीएमओ रीना राठौर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
