— कलेक्टर के निर्देश पर टीम की कार्रवाई, कई दुकानों में अनियमितताएं मिलीं, स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर सख्त चेतावनी
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर जिले में मेडिकल स्टोर्स की सघन जांच के लिए गठित टीम ने मंगलवार को नगर क्षेत्र में संचालित कई दवा दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान मंगलम मेडिकल स्टोर्स, शिवम मेडिकोज, सुधीर मेडिकल स्टोर्स, भावना मेडिकल स्टोर्स एवं कृष्णा मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच टीम को कुछ मेडिकल स्टोर्स में बिल बुक का सही तरीके से संधारण नहीं मिला, वहीं एक्सपायरी दवाएं अन्य दवाओं के साथ स्टॉक में रखी हुई पाई गईं, जो कि स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मानी जाती हैं।
जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही दोषी मेडिकल स्टोर्स संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे, ताकि दवा दुकानों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।





