— गरीबों को मिलेगा हक , डिंडौरी में घर-घर सर्वे कर रही प्रशासनिक टीम
डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं एसडीएम रामबाबू देवांगन के मार्गदर्शन में जिले के अमरपुर क्षेत्र में बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) परिवारों की पहचान के लिए घर-घर सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
दरअसल इस अभियान का उद्देश्य पात्र गरीब परिवारों की सटीक पहचान कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। बता दें कि नायब तहसीलदार अमरपुर के नेतृत्व में गठित सर्वे दलों द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक घर का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। सर्वे के दौरान परिवारों की आर्थिक स्थिति, आवास की स्थिति, रोजगार के साधन सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जा रही हैं, ताकि वास्तविक स्थिति का सही आंकलन किया जा सके।
प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे। इसी के तहत सर्वेक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्वे के आधार पर चिन्हित परिवारों को प्राथमिकता के साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके।





