TET Relief Demand : डिंडौरी में 8 अप्रैल को शिक्षक संयुक्त मोर्चा की सभा, टीईटी से राहत और वरिष्ठता बहाली की मांग…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। शिक्षक संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि जिले के शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 8 अप्रैल को एकत्रित होंगे। इस संबंध में जिला संयोजक सूशील नागेश्वर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को लिखित पत्र प्रेषित कर कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई है।

 

 

जारी पत्र के अनुसार, शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर 8 अप्रैल को दोपहर 2 बजे राम मंदिर के पास उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में सभा आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात शाम 5 बजे प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर डिंडौरी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में टीईटी परीक्षा से राहत प्रदान करना तथा प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता बहाल करना शामिल है। मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर लंबे समय से शिक्षक वर्ग प्रयासरत है।

 

 

इस दौरान शिक्षक संयुक्त मोर्चा डिंडौरी के बैनर तले विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। इनमें आजाद शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित, ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष सनत तिवारी, प्रांतीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष तरुण कुमार ठाकुर, शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनेन्द्र उद्दे, शिक्षक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजकुमार साहू तथा ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के कार्यकारी जिला अध्यक्ष आनंद उइके प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। सभी संगठनों के संयुक्त हस्ताक्षर से तैयार ज्ञापन प्रशासन को सौंपा जाएगा, जिसमें शिक्षकों की लंबित मांगों के निराकरण की मांग की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *