—चांदनी नरेती ने किया धमाका | खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में कांस्य पदक हासिल
डिंडौरी। जिले के चंद्रविजय कॉलेज डिंडौरी की प्रतिभाशाली छात्रा चांदनी नरेती ने छत्तीसगढ़ में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत 62 किलोग्राम वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
कड़े मुकाबलों के बीच चांदनी ने अपने दमदार खेल, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके कॉलेज बल्कि पूरे डिंडौरी जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने चांदनी नरेती को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि चांदनी की यह सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और आने वाले समय में और भी युवा खेलों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और शिक्षकों ने भी चांदनी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





