डिंडौरी। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बल डिण्डौरी द्वारा शनिवार को जोश और उत्साह के साथ साइकिल मैराथन (साइक्लोथॉन) का आयोजन किया गया। इस आयोजन में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। साइकिल मैराथन पुलिस अधीक्षक कार्यालय डिण्डौरी से प्रारंभ होकर जबलपुर बस स्टैंड तक पहुंची और पुनः वहीं समापन हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में एकता, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा। बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी सतीश द्विवेदी, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुरे, यातायात प्रभारी सुभाष उईके एवं रक्षित केंद्र प्रभारी कुंवर सिंह ओलाडी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक और गरिमामय वातावरण में संपन्न किया गया।



