— नवरात्रि में आस्था का केंद्र बनी गुफा का निरीक्षण कर कलेक्टर ने विकास कार्य तेज करने के दिए आदेश
डिंडौरी। जिले के मेंहदवानी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हथडोल मनेरी स्थित घोड़ामाडा जामवंती गुफा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने गुफा का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और प्राकृतिक स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए।





निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत मेंहदवानी के सीईओ को गुफा तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मार्ग विकसित करने और पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुफा के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान प्रकृति की गोद में स्थित होने के कारण अत्यंत आकर्षक और मनमोहक है, जिसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जा सकता है। कलेक्टर स्वयं गुफा के अंदर पहुंचीं, जहां ग्रामीणों द्वारा 151 कलशों के साथ जवारों की स्थापना की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से चैत्र नवरात्रि के दौरान यहां नियमित रूप से जवारे रखे जा रहे हैं, जिससे यह स्थल अब धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र भी बन गया है।
स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे भी गुफा के विकास में सहयोग कर रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 100 से 200 श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं। कलेक्टर ने गुफा से बह रहे जल के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी को संरक्षित कर पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं के उपयोग में लाया जा सकता है, जिससे पर्यावरण संतुलन भी बना रहेगा। इस दौरान एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, जनपद सीईओ मेंहदवानी प्रदीप ओझा, तहसीलदार, पंचायत निरीक्षक सहायक परियोजना अधिकारी अशोक कुडापे, सब इंजीनियर, सहायक यंत्री आरईएस एच.एस. परस्ते सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
