Dindori News : बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का कहर ! फसलों को भारी नुकसान — किसान चिंतित, सर्वे और मुआवजे की मांग तेज…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में बीते दिनों मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तेज बारिश और कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। जिले के शहपुरा विकासखण्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों से फसलों के खराब होने की खबरें सामने आ रही हैं।

 

 

विकासखण्ड शहपुरा के ग्राम ढोंढ़ा समेत आसपास के गांवों में ओलों की मार से खेतों में खड़ी फसलें बिछ गईं। गेहूं, चना, मसूर और सरसों जैसी प्रमुख रबी फसलें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। कई किसानों ने बताया कि फसल कटाई के ठीक पहले इस तरह की बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

 

 

जिले के अन्य विकासखण्डों से भी इसी तरह की स्थिति की जानकारी मिल रही है, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान पहुंचाया है। खेतों में पानी भरने और फसल गिरने से उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा से उन्हें आर्थिक रूप से बड़ा झटका लगा है। पहले ही लागत बढ़ने और बाजार की अनिश्चितता से जूझ रहे किसानों के सामने अब जीविका का संकट खड़ा हो गया है।

 

किसानों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और नुकसान का सही आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही फसल बीमा योजनाओं के तहत भी जल्द राहत दिलाने की अपील की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि आपदा प्रबंधन के तहत तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि किसानों को इस संकट की घड़ी में सहारा मिल सके। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन किस तेजी से कार्रवाई करते हुए किसानों को राहत पहुंचाता है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *