— 29 विभागों में सबसे नीचे D श्रेणी, लगातार चेतावनी के बावजूद नहीं सुधरी कार्यप्रणाली
डिंडौरी । जिले में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जल संसाधन विभाग का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया है, जिसके चलते विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.के. शर्मा पर कार्रवाई की गाज गिरना तय हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के 29 विभागों की समीक्षा में जल संसाधन विभाग को मात्र 58.86 प्रतिशत वेटेज स्कोर मिला, जिसके आधार पर इसे D श्रेणी में रखा गया। यह जिले का सबसे निम्न प्रदर्शन माना गया है। बताया जा रहा है कि समय-सीमा बैठकों और विभागीय समीक्षाओं में कई बार सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद शिकायतों के निराकरण में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। विभाग की लापरवाही के कारण आम नागरिकों की समस्याएं लंबित बनी रहीं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्यपालन यंत्री एस.के. शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर इसे अनुशासनहीनता माना गया। अब उनके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सीएम हेल्पलाइन जैसी संवेदनशील व्यवस्था में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जवाबदेही तय कर भविष्य में और कड़े कदम उठाने की बात कही गई है, ताकि आम जनता की शिकायतों का समय पर और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।




