हाईभोपाल। मध्यप्रदेश में राजस्व प्रशासन में व्यापक बदलाव करते हुए मध्यप्रदेश राजस्व विभाग ने 234 नायब तहसीलदारों के तबादले कर दिए हैं। इस संबंध में 17 मार्च 2026 को मंत्रालय से आदेश जारी किया गया है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को प्रभारी तहसीलदार के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है और उन्हें 25 मार्च 2026 तक अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रभार अवधि के दौरान अधिकारियों को तहसीलदार की शक्तियां प्राप्त होंगी, जबकि वे अपने मूल पद का कार्य नहीं करेंगे और उन्हें अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी नहीं दिया जाएगा।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई अधिकारी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं करता है या प्रभार लेने से इंकार करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी।
यह निर्णय विभागीय समिति की हाल ही में हुई बैठकों की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है और स्थानांतरण नीति समाप्त होने के बाद विशेष प्रावधान के तहत यह तबादले किए गए हैं। इस बड़े स्तर पर हुए प्रशासनिक बदलाव से प्रदेश के विभिन्न जिलों में राजस्व व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है। देखें पूरी लिस्ट…

